विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। टांडा अधिवक्ता संघ के आगामी चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। 14 अगस्त को होने वाले मतदान के लिए 6 अगस्त से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हुई। पहले दिन विभिन्न पदों के लिए आठ नामांकन पत्र बिके।
चुनाव अधिकारी विद्याराम चौहान ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए चार नामांकन पत्र बिके। महामंत्री पद के लिए तीन और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए एक नामांकन पत्र बिका। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन, जांच और नाम वापसी के बाद 14 अगस्त को मतदान होगा। नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही संभावित प्रत्याशी समर्थन जुटाने में लगे हैं। कचहरी परिसर में चुनावी समीकरणों पर चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि नामांकन के अंतिम दिनों में गतिविधियां और बढ़ेंगी।
5 अगस्त को अध्यक्ष शेर बहादुर सिंह की अध्यक्षता में संघ की वार्षिक आमसभा हुई। महामंत्री राजेश सिंह ने वर्ष 2025-26 का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति मिली। संघ की कुल आय 79,103 रुपये और व्यय 42,646 रुपये रहा। बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए नई एल्डर्स कमेटी का गठन हुआ, जिसमें शैलेंद्र उपाध्याय अध्यक्ष बने। विद्याराम चौहान, सुनील कुमार, सुखलाल और प्रदीप मौर्य को सदस्य नामित किया गया। मोहम्मद साबिर, मोहम्मद सलमान, मोहम्मद असद और हनुमंत कुमार सिंह को संघ का सदस्य मनोनीत किया गया। राम भवन यादव को कल्याण समिति का सदस्य बनाया गया।