फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना की चेन तोड़ने को उठाएं सभी जरूरी कदम

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। कोरोना की चेन को तोड़ने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएं। सख्ती बरतने के साथ ही नागरिकों को जागरूक किया जाए। कोरोना और भयावह स्थिति में न पहुंचे, इसके लिए सभी को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना होगा। यह निर्देश रविवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे मंडलायुक्त अयोध्या एमपी अग्रवाल ने आयोजित बैठक में दिए। उन्होंने कोविड-19 से बचाव एवं व्यवस्था के संबंध में जिले में चल रहे प्रयासों के बारे में डीएम से जानकारी भी हासिल की। कहा कि पुलिस, प्रशासनिक व स्वास्थ्य विभाग की टीम मिलकर इस महामारी से निपटने के लिए काम करे।
विज्ञापन

मंडलायुक्त ने अधिकारियों से संक्रमण की रोकथाम को लेकर किए जा रहे कार्यों के बारे में पूछा। कहा कि कोरोना की चेन तोड़ने के लिए प्रभावी ढंग से कार्यवाही की जाए। सभी उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं एमओआईसी को निर्देश देते हुए कहा कि अपने-अपने क्षेत्र के गांवों में निगरानी समितियों पर नजर रखें। कहा कि निगरानी समितियों की ओर से मरीजों को समय से दवा दी जा रही है या नहीं, इस पर ध्यान दिया जाए। साथ ही निगरानी समिति द्वारा जो रिपोर्ट भेजी जा रही है, उस पर गंभीरता से अमल करने का निर्देश दिया।
मंडलायुक्त ने कहा कि निगरानी समितियों को प्रशिक्षित किया जाए, जिससे वह मरीजों की अच्छे से देखभाल कर सकें। जिन निगरानी समितियों को कोविड-19 मरीजों की देखभाल के बारे में जानकारी न हो तो उनको ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण दिया जाए। कहा कि समस्त एमओआईसी प्रतिदिन गांव में जाएं।
विज्ञापन

एक एमओआईसी प्रतिदिन कम से कम 2 से 3 गांव में निगरानी समितियों द्वारा किए जा रहे कार्यों को देखे। साथ ही उप जिलाधिकारी व खंड विकास अधिकारी को भी निर्देशित किया कि गांव का भ्रमण करते रहें और ग्रामीणों को जागरूक करें कि कोविड-19 से घबराने की जरूरत नहीं है। होम आइसोलेशन में भर्ती मरीजों की जांच कराई जाए। जहां शौचालय की व्यवस्था नहीं है, वहां के मरीजों को चिकित्सालय में भर्ती कराया जाए।
निगरानी समिति घर-घर जाकर जांच के उपरांत लक्षणयुक्त व्यक्तियों को जागरूक करे कि यदि आप को बुखार है तो यह दवा खाएं, इससे आपका बुखार ठीक हो जाएगा। निगरानी समितियों को यह भी निर्देश दिया जाए कि जो भी व्यक्ति लक्षणयुक्त हैं, उन्हें काढ़ा पीने के लिए प्रेरित किया जाए। कहा कि कोरोना को रोकना ही हमारी प्राथमिकता में होना चाहिए। कहा कि पुलिस, प्रशासनिक व स्वास्थ्य विभाग की टीम मिलकर इस महामारी से निपटने के लिए काम करे। इस मौके पर डीएम सैमुअल पॉल एन, एसपी आलोक प्रियदर्शी, सीडीओ घनश्याम मीणा, एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा, सीएमओ डॉ. अशोक कुमार, एएसपी संजय कुमार राय, सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश गौतम आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें