अंबेडकरनगर। गोरखपुर में हुई राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड मेडल समेत आठ पदक जीत लिए। वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित ऑल इंडिया आईटीएफ ताइक्वांडो प्रतियोगिता रविवार को शुरू हुई। इसमें यूपी के साथ ही पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु व असम सहित कई प्रदेशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
जिले की टीम ने दो गोल्ड मेडल सहित कुल आठ पदक अपने नाम किए। इसमें तनीषा वर्मा व दृष्टि जायसवाल ने स्वर्ण पदक, शिवम राजभर, रुद्र यादव, शगुन रानी व वंशिका गौड़ ने कांस्य पदक अपनी झोली में डाले। समृद्धि पांडेय व शिवम राजभर ने रजत पदक जीता है। टीम के वापस आने पर अतुल वर्मा, संध्या सिंह व दिव्यांशु तिवारी ने खिलाड़ियों का स्वागत किया।
टीम मैनेजर रविंद्र राजभर बताया कि सभी खिलाड़ियों सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर यह सफलता हासिल की है। टीम की कोच मानसी राजभर ने खिलाड़ियों के समर्पण और निरंतर अभ्यास की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाले समय में और बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा बनेगी। कहा कि बेटियों को आत्मरक्षा व खेल प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जा रहा है।