अंबेडकरनगर। विधायक निधि से रकम हासिल करने वाले 26 विद्यालयों से रिकवरी की तैयारी है। पहली नोटिस के बाद भी इन विद्यालयों द्वारा रकम का सदुपयोग नहीं किया गया। निकाय चुनाव बाद दूसरा नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद भी निर्माण पूरा न हुआ तो रिकवरी होगी।
वर्ष 2022 व 2023 में विद्यालय भवन निर्माण के लिए दो दर्जन से अधिक विद्यालयों के प्रबंधकों ने विधायक निधि से राशि हासिल करने के लिए आवेदन किया था। माननीयों द्वारा दी जाने वाली राशि से हॉल, शिक्षण कक्ष समेत कई अन्य प्रकार के भवन निर्माण की बात कही गई। माननीयों की सहमति के बाद विधायक निधि से डीआरडीए कार्यालय ने प्रथम किस्त के रूप में राशि संबंधित विद्यालय को उपलब्ध भी करा दी। इसमें प्रति विद्यालय पांच लाख रुपये तक की राशि शामिल है।
नियमानुसार छह माह में प्रथम किस्त से मिली राशि का प्रयोग कर उसका उपभोग प्रमाणपत्र कार्यालय को उपलब्ध कराया जाता है। इसके बाद दूसरी किस्त अवमुक्त होती है। संबंधित विद्यालयों ने लंबा समय बीतने के बाद भी पहली किस्त का उपभोग प्रमाणपत्र नहीं दिया। इसके लिए बीते दिनों ही डीआरडीए कार्यालय ने नोटिस जारी कर उपभोग प्रमाणपत्र दिए जाने का निर्देश दिया था लेकिन ऐसा नहीं हो सका। ऐसे में अब कार्यालय द्वारा दूसरा नोटिस जारी करने की तैयारी में है।
इन विद्यालयों को जारी हुआ नोटिस
डीआरडीए कार्यालय के अनुसार राधामोहन राधेश्याम महाविद्यालय बनकटा बुजुर्ग, ओम जय मां वैष्णो प्राथमिक विद्यालय बाभनपुर, ब्रह्मालीन नागाबाबा जूनियर हाईस्कूल प्रतापनगर समैसा, पंडित रामशब्द स्मृति महाविद्यालय बिशुनपुर बजदहां, शारदा पटेल स्मारक पूर्व माध्यमिक विद्यालय बैरीबुजुर्ग गनेशपुर, पंडित रामदयाल आदर्श शिक्षा निकेतन पाठकपुर, मां तिलेसरादेवी पीजी कॉलेज भसड़ा, दुर्गा पब्लिक स्कूल सिंघलपट्टी, चंद्रशेखर जूनियर हाईस्कूल मछलीगांव, चौधरी हनुमान प्रसाद कृषक महाविद्यालय रुद्रपुरभगाही, पंडित दीनबंधु महाविद्यालय हरैया, शारदा निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नरायनपुर लखनपुर, दारुलउलूम मिस्वाहुल अशरफ खासपुर, वीआरएचडी शिक्षा निकेतन गर्ल्स स्कूल अलहदादपुर, जनता इंटर कॉलेज बेलापरसा, जनकल्याण बालिका विद्यालय एकडल्ला, गंगाजली बालिका जूनियर हाईस्कूल नरकटा बैरागी, बृजबिहारी रामपियारे इंटर कॉलेज संजयनगर देवहट, कैलाशपती इंटर कॉलेज शरीफपुर, चौधरी माताप्रसाद मेमोरियल इंटर कॉलेज इनामीपुर को नोटिस जारी किया गया।
होगी रिकवरी
निकाय चुनाव बाद संबंधित विद्यालयों को एक बार फिर से अंतिम नोटिस जारी किया जाएगा। यदि इस पर भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तो दी गई राशि की रिकवरी होगी। -राकेश प्रसाद, परियोजना निदेशक डीआरडीए