अंबेडकरनगर। नवोदय प्रवेश परीक्षा 2023 शनिवार को जिले के 14 केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी। इसमें कुल 4798 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इसके लिए जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
नवोदय परीक्षा बीएन इंटर कॉलेज अकबरपुर, संत कबीर इंटर कॉलेज सैदापुर, एसबी नेशनल इंटर कॉलेज, जनता इंटर कॉलेज महरुआ, जनता इंटर कॉलेज नेवादा, रामलोचन इंटर कॉलेज, गांधी स्मारक इंटर कॉलेज, नरेंद्र देव इंटर कॉलेज जलालपुर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जलालपुर, रामदेव जनता इंटर कॉलेज कटेहरी, कौमी इंटर कॉलेज टांडा, एचटी इंटर कॉलेज, मोहम्मद शफी नेशनल इंटर कॉलेज व चंडी प्रसाद इंटर कॉलेज में परीक्षा होनी है।
नवोदय विद्यालय अफजलपुर के प्रधानाचार्य अजीत कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा से जुड़ी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। 28 केंद्रीय शिक्षक परीक्षा केंद्रों पर तैनात किए जाएंगे। सुबह 11:30 बजे परीक्षा शुुरू होगी। यह परीक्षा दो घंटे चलेगी। परीक्षार्थी को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। सभी को मास्क पहनकर आना होगा। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र व आधारकार्ड भी लाना जरूरी है। परीक्षा की निगरानी संबंधित तहसील के एसडीएम, तहसीलदार के अलावा खंड शिक्षा अधिकारी भी करेंगे।
21 आवेदन निरस्त
प्रधानाचार्य ने बताया कि परीक्षा में शामिल होने के लिए 21 ऐसे छात्र-छात्राओं ने आवेदन कर दिया था जिन्होंने बीते वर्ष भी परीक्षा दी थी। जांच में यह तथ्य सामने आने के बाद ऐसे परीक्षार्थियों का आवेदन निरस्त कर दिया गया। बताया कि सिर्फ कक्षा पांच में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं ही इस परीक्षा के लिए योग्य होते हैं।