जलालपुर (अंबेडकरनगर)। क्षेत्र में बिजली चोरी के मुकदमे में फंसाने का डर दिखाकर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। मालीपुर के हुसैना बैरागल निवासी पंकज के पिता के खिलाफ 9 अक्तूबर को विजिलेंस टीम ने बिजली चोरी की प्राथमिकी दर्ज की थी। 11 अक्तूबर को उनके पिता के मोबाइल पर एक फोन आया।
फोन करने वाले ने खुद को विजिलेंस थाने का प्रभारी बताया। उसने 15 हजार रुपये देने पर चोरी का केस समाप्त करने की बात कही। पंकज ने ऑनलाइन माध्यम से 15 हजार रुपये उस नंबर पर ट्रांसफर कर दिए। बाद में, बिजली विभाग के कर्मचारियों से संपर्क करने पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ। सीओ अनूप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जाएगी। (संवाद)