थाना क्षेत्र अहिरौली अंतर्गत तिवारीपुर गांव के निकट वाहन का इंतजार कर रही एक किशोरी को अकबरपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार एसयूवी ने रौंद दिया। इससे किशोरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए व हंगामा करने लगे।
उन्होंने जाम लगाने की तैयारी शुरू की लेकिन तब तक अहिरौली एसओ दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। एसओ ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। उधर, घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। मृतका के मौसा की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र महरुआ अंतर्गत डढ़वा मुरैनी गांव निवासिनी रुस्तम (16) पुत्री रामधारी अहिरौली थाना अंतर्गत निनामपुर गांव निवासी अपनी मौसा करिया यादव के यहां लंबे समय से रह रही थी। बुधवार सुबह वह किसी कार्य से तिवारीपुर गई हुई थी। काम निपटाने के बाद वह वापस घर जाने के लिए सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रही थी।
बताया जाता है कि इसी दौरान अकबरपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार एसयूवी ने उसे रौंद दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आता देख चालक एसयूवी लेकर भाग निकला।
कुछ युवकों ने बाइक से उसका पीछा करने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। इस बीच देखते ही देखते घटना से नाराज ग्रामीणों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। वे एसयूवी चालक की गिरफ्तारी व मृतका के परिवारीजनों को अहेतुक सहायता राशि दिए जाने की मांग करने लगे।
हंगामा कर रहे ग्रामीण सड़क पर शव रखकर जाम लगाने की तैयारी कर ही रहे थे कि इसी बीच एसओ ज्ञानेंद्र सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन देकर शांत कराया। साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है। एसओ ने बताया कि मृतका के मौसा करिया की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।