अंबेडकरनगर। तालाब की खुदाई मनरेगा मजदूरों से न करा जेसीबी से कराना ग्राम पंचायत सचिव मोहिउद्दीनपुर को भारी पड़ गया। खड विकास अधिकारी की संस्तुति पर जिला पंचायतराज अधिकारी ने संबंधित ग्राम पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच सहायक खंड विकास अधिकारी जलालपुर को सौंप दी है।
जानकारी के अनुसार बीते दिनों खण्ड विकास अधिकारी अकबरपुर से शिकायत की गई कि मोहिउद्दीनपुर गांव निवासी शिवराज के खेत में तालाब की खुदाई ग्राम पंचायत सचिव अखंड प्रताप ने मनरेगा मजदूरों से न कराकर जेसीबी से कराया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए खंड विकास अधिकारी जांच कराई, तो मामला सही पाया। इस पर 19 सितंबर को सचिव अखण्ड प्रताप को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं रहा, तो कार्रवाई की जाएगी।
गत 3 अक्तूबर को सचिव ने जो स्पष्टीकरण दिया था, वह संतोषजनक नहीं था। इस पर खण्ड विकास अधिकारी की संस्तुति पर जिला पंचायतराज अधिकारी रामअशीष चौधरी ने तत्काल प्रभाव से सचिव अखण्ड प्रताप को निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच सहायक खण्ड विकास अधिकारी जलालपुर को सौंप दी। डीपीआरओ ने सचिव के निलंबन की पुष्टि करते हुए कहा कि इस प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।