विद्युतनगर। एनटीपीसी की आवासीय कॉलोनी में रह रहे एनटीपीसी के इंजीनियर की पत्नी का शव संदिग्ध हालात में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना को लेकर स्थानीय नागरिकों में आशंका तब और बढ़ गईं, जब स्थानीय निवासियों के अलावा मीडिया कर्मियों को भी मुख्य गेट पर ही रोक दिया गया। इसके बाद सीओ को हस्तक्षेप करना पड़ा। महिला के पिता ने इब्राहिमपुर थाने में तहरीर देकर पति सहित पांच आरोपियों के विरुद्घ दहेज के लिए हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
टांडा के एनटीपीसी आवासीय कालोनी में बीते सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब कॉलोनी में रह रहे अवर अभियंता दीपनरायण निषाद की पत्नी शालिनी की मौत होने की खबर बाहर आई। कुछ ही देर में एनटीपीसी अधिकारी मौके पर पहुंचे। बेसुध मिली शालिनी को तत्काल एनटीपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सीओ टांडा अमर बहादुर के अलावा इब्राहिमपुर थानाध्यक्ष संजय सिंह भी पुलिस टीम के साथ कालोनी पहुंच गए। अस्पताल से शव को अभिरक्षा में ले लिया गया। बताया जाता है कि किसी मजिस्ट्रेट के मौजूद न होने के चलते शव का पोस्टमार्टम करीब 15 घंटे विलंब से हुआ।
एसडीएम टांडा अभिषेक पाठक के मौके पर पहुंचने के बाद आवश्यक औपचारिकता पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इस बीच सोमवार देर शाम हमीरपुर जिले के मेरापुर निवासी शालिनी के पिता रामचरन निषाद भी टांडा पहुंच गए। इब्राहिमपुर थाने में उन्होंने तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्री शालिनी का विवाह 20 जून 2018 को काफी धूमधाम से एनटीपीसी के इंजीनियर दीपनारायण निषाद पुत्र रामहेत निवासी एलडीए कॉलोनी लखनऊ के साथ किया था। अपनी सामर्थ्य के अनुसार उसने दान दहेज भी दिया था। इसके बावजूद ससुरालीजन उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। शालिनी ने कुछ दिन तक इस बात की जानकारी उन सभी को नहीं दी।
जब उत्पीड़न ज्यादा बढ़ गया तो उसने जानकारी दी। इस पर उसने दामाद के साथ ही उनके माता पिता से वार्ता किया। मामला किसी तरह शांत हुआ, लेकिन फिर बाद में उसकी पुत्री का उत्पीड़न होने लगा। बीते सोमवार को उसकी पुत्री ने मोबाइल पर एसएमएस भेजा कि दहेज में कार के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है। इससे वह काफी परेशान हो चुकी है। पुत्री का एसएमएस आने के बाद वह मिलने के लिए टांडा के लिए निकल पड़ा। इसी बीच दामाद का फोन आया कि शालिनी की तबीयत गंभीर है।
वह जब टांडा एनटीपीसी पहुंचा तो पता चला कि उसकी पुत्री की मौत हो चकी है। ऐसे में साफ जाहिर है कि दहेज के लिए उसकी पुत्री की हत्या कर दी गई है। एसओ संजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति दीपनरायण, ससुर रामहेत, सास पूनम तथा देवर लव व कुश आदि के विरुद्घ केस दर्ज किया गया है। एसओ के अनुसार पति का कहना था कि उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर जान दी है। मामले में गहन छानबीन की जा रही है। सभी जरूरी कार्रवाई होगी।