अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेशीय सेवानिवृत्त शिक्षक संगठन की बैठक शनिवार को कटरिया याकूबपुर बाग के निकट हुई। इसमें जीवित प्रमाणपत्र जमा करने में आने वाली समस्या को दूर करने की मांग उठाई गई। कहा गया कि महंगाई को देखते हुए पेंशन में वृद्धि नहीं की जा रही है।
जिलाध्यक्ष रामआसरे विश्वकर्मा ने कहा कि मौजूदा समय में पेंशन योजना का लाभ लगातार लेने के लिए जीवित प्रमाणपत्र जमा करने की प्रक्रिया चल रही है। जिला कोषागार में यह प्रमाणपत्र जमा हो रहा है। इसमें जिले के दूरदराज के क्षेत्र से आने वाले बुजुर्गों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। ब्लॉक व तहसील मुख्यालय पर भी प्रमाणपत्र जमा किए जाने की मांग की जा रही, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। रामबली, हरिगोविंद, रामलाल, विनोद कुमार, नरेंद्र बहादुर, रामअजोर ने कहा कि महंगाई को देखते हुए पेंशन में वृद्धि किए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही, लेकिन कोई ठोस कदम इसे लेकर नहीं उठाया जा रहा है।