टांडा महिला अस्पताल का निरीक्षण करते सीएमओ -संवाद।
सीएमओ ने किया औचक निरीक्षण, दो सीएचओ का काटा एक दिन का वेतन
टांडा सीएचसी के दो कर्मयों का भी कटा वेतन
संवाद न्यूज एजेंसी अंबेडकरनगर। सीएमओ डॉ. राजकुमार के औचक निरीक्षण में शनिवार को हेल्थ वेलनेस सेंटर सूरापुर व अरिवा बंद मिले। इस पर दोनों सेंटर के सीएचओ का एक दिन का वेतन काटते हुए स्पष्टीकरण मांगा। इसके साथ ही सीएचसी टांडा के निरीक्षण में अनुपस्थित मिले फार्मासिस्ट व कनिष्ठ लिपिक का भी एक दिन का वेतन काटते हुए कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा।
सीएमओ दोपहर करीब सीएचसी टांडा औचक निरीक्षण करने पहुंचे। फार्मासिस्ट रमेशचंद्र व कनिष्ठ लिपिक अमरुलजहां मौजूद नहीं थे। सीएमओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए एक दिन का वेतन काटने के साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी की। वार्डों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि मरीजों का बेहतर ढंग से इलाज सुनिश्चित हो। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इसके बाद सीएमओ हेल्थ वेलनेस सेंटर सूरापुर व अरिया पहुंचे तो दोनों बंद मिले। अरिया की सीएचओ प्रतिभा व सूरापुर की सीएचओ वंदना का भी एक दिन का वेतन काटने का निर्देश देते हुए स्पष्टीकरण मांगा। मातृ शिशु विंग टांडा व अरबन अस्पताल कश्मीरिया के निरीक्षण में सबकुछ दुरुस्त मिला। उन्होंने जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि न सिर्फ बेहतर ढंग से मरीजों का इलाज सुनिश्चित किया जाए बल्कि साफ सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।