जलालपुर (अंबेडकरनगर)। सशक्त बेटी, सशक्त समाज अभियान के तहत बुधवार को जलालपुर नगर स्थित डाकघर में शिविर का आयोजन हुआ। इसमें सुकन्या योजना के तहत लगभग 270 बालिकाओं के खाते खुलवाए गए। योजना के तहत अधिक से अधिक कन्याओं का खाता डाकघर में खुल सके, इसके लिए 29 सितंबर को रामनगर में जागरूकता रैली निकलेगी।
नवरात्रि नौ कन्या समृद्धि सुरक्षा हर दिन अभियान के तहत जिले के 322 डाकघरों में विशेष मुहिम चलाकर सुकन्या योजना के तहत कन्याओं का खाता खुलवाया जा रहा है। पर्व के पहले ही दिन से अभियान चलाकर खाता खुलवाए जाने में डाककर्मी जुटे हैं। बुधवार को जलालपुर डाकघर में लगे विशेष शिविर का शुभारंभ मंडल के प्रवर अधीक्षक डाकघर पीके सिंह ने किया।
उन्होंने कहा कि योजना के तहत सामान्य दिनों में भी कन्याओं के खाते खुलवाए जा रहे हैं लेकिन मौजूदा समय में विशेष अभियान चल रहा है। नवरात्रि पर्व पर कन्याओं की विशेष पूजा होती है। उन्हें देवी का रूप माना जाता है। ऐसे में अधिक से अधिक कन्याओं को योजना का लाभ दिलाना हम सभी का कर्तव्य है।
मुख्य विपणन अधिकारी एसपी सिंह ने बताया कि बुधवार को चले अभियान में 270 कन्याओं का खाता खुलवाया गया। उन्हें पासबुक भी सौंपा गया।
बताया कि यह विशेष अभियान पूरे पर्व भर चलेगा। अधिक से अधिक लाभ पात्रों को मिल सके, इसके लिए 29 सितंबर को रामनगर में जागरूकता रैली भी निकलेगी। योजना के तहत खाता खुलवाने के लिए बेटी के जन्म प्रमाणपत्र की प्रति, माता-पिता का आधार, बेटी की दो फोटो के साथ संबंधित डाकघर में संपर्क कर खाता खुलवाया जा सकता है। इस दौरान विपणन अधिकारी सत्येंद्र प्रताप सिंह, सीपी दुबे, उमेश पांडेय, अमरजीत, कल्न्याण सिंह, नीरकला देवी, शिल्पा देवी, सुमन वर्मा,, राजेश आदि मौजूद रहे।