गन्ना क्रय केंद्र का निरीक्षण करते अधिकारी।
अंबेडकरनगर। जिले में गन्ना खरीद को लेकर अकबरपुर चीनी मिल ने सभी तैयारी पूरी कर ली है। शनिवार 16 नवंबर से 37 क्रय केंद्रों पर व 17 नवंबर से मिल गेट पर बने केंद्र पर गन्ने की तौल व खरीद का काम शुरू होगा। कई गन्ना किसान तौल के लिए शुक्रवार से ही केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गए।
जिले में 21 हजार क्षेत्रफल में गन्ना की बोआई करने वाले 48 हजार किसानों के लिए चीनी मिल का संचालन 18 नवम्बर से शुरू होगा। इससे पहले ग्रामीण क्षेत्रों में बने 37 तौल सेंटरों पर शनिवार से ही तौल का कार्य होगा। इस बार चीनी मिल को 95 लाख क्विंटल पेराई का लक्ष्य दिया गया है। लक्ष्य को पूरा करने के लिए मिल प्रशासन ने सभी सेंटर प्रभारी को निर्देश दिए हैं कि किसानों के गन्ने की तौल समय पर की जाए। साथ ही ढुलाई के लिए वाहनों को शुक्रवार से ही तैयार रखा जाए ताकि किसानों को गन्ना बेचने में किसी भी प्रकार की कोई असुविधा न होने पाए।
समय पर होगा भुगतान
सहायक महाप्रबंधक गन्ना अरबिंद सिंह ने बताया कि इस बार भी गन्ना बेचने वाले किसानों का देय राशि का भुगतान समय पर होगा। इसके लिए सभी किसानों से अपील की गई है कि चीनी मिल में जो खाता संख्या दिया गया है, उसकी जांच अवश्य कर लें। ताकि भुगतान के दौरान किसी भी तरह की कोई परेशानी न आए।
18 से मिल में शुरू होगा पेराई सत्र
केंद्रों पर गन्ना खरीद का कार्य शनिवार से शुरू होगा। गन्ने की पूरी उपलब्धता होने के बाद 18 नवम्बर से पेराई सत्र को चालू कर दिया जाएगा।
आर के वर्मा महाप्रबंधक चीनी मिल