अंबेडकरनगर। स्वास्थ्य विभाग की 245 टीमों ने रविवार को जिले के अलग-अलग क्षेत्र में कुष्ठ रोगी खोजने का अभियान चलाया। इस दौरान 15 हजार 642 लोगों की जांच की गई, जिसमें 24 लोग संदिग्ध पाए गए।
चार सितंबर से चल रहे अभियान के तहत टीमें अब तक एक लाख 10 हजार 509 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चुकी है। इसमें से 195 लोगों को संदिग्ध रोगी पाया गया। हालांकि अंतिम जांच में सिर्फ पांच लोगों में रोग की पुष्टि हुई।
जिला कुष्ठ रोग अधिकारी डॉ. आशुतोष सिंह ने बताया कि यह अभियान 18 सितंबर तक चलाया जाएगा। इस दौरान टीमें गांवों में भ्रमण कर लोगों का परीक्षण कर रही हैं। प्रतिदिन 15 हजार से अधिक लोगों का परीक्षण किया जा रहा है। बताया कि परीक्षण के साथ ही लोगों को कुष्ठ रोग से बचाव व उसके उपचार के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। जिले में पहले से 52 कुष्ठ रोगी हैं जिनका उपचार चल रहा है।