इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक मैजिक वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया। गुमटी को भी आंशिक नुकसान हुआ।
जानकारी के मुताबिक महरुआ थाना भेत्र समंथा गांव निवासी इंसाफ अली मैजिक वाहन लेकर शुक्रवार दोपहर एआरटीओ कार्यालय पहुंचा। उसने सड़क के किनारे वाहन खड़ा किया और किसी कार्य से कार्यालय के अंदर चला गया। इसी बीच अचानक मैजिक वाहन स्वत: ही चलने लगा। यह देख वहां मौजूद लोग इधर उधर भागने लगे।
वाहन सड़क पार करता हुआ, दूसरी पटरी पर स्थित बंद पड़ी एक गुमटी से जा टकराया। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते मैजिक वाहन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते वाहन से आग की लपटें उठने लगीं। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। कार्यालय कर्मचारियों व आसपास मौजूद लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास करते हुए सूचना फायर ब्रिगेड को दी।
मौके पर पहुंचे फायरकर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जलकर राख हो चुका था, जबकि गुमटी को भी नुकसान पहुंचा था। माना जा रहा है कि चालक ने गाड़ी गियर में डालकर खड़ी की थी। इसी दौरान कोई तार अचानक शार्ट करने के चलते ही इंजन स्टार्ट हो गया और गाड़ी आगे बढ़ गई।