अंबेडकरनगर के मुस्तफाबाद स्थित नहर में हुई कटान-संवाद
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
आलापुर (अंबेडकरनगर)। अचानक अधिक पानी पहुंच जाने से महरीपुर बसखारी नहर में उफान आ गया। इससे पानी नहर से बाहर निकलकर खेतों से होते हुए दो मार्गों पर पहुंच गया। सड़क पर पानी भर जाने से जहां आवागमन प्रभावित होने लगा, वहीं 100 बीघा से अधिक धान की फसल जलमग्न हो गई। सड़क पर पानी भर जाने से दो हजार की आबादी के समक्ष आवागमन में मुश्किल हो रही है। एसडीएम के हस्तक्षेप के बाद नहर में पानी को रोक दिया गया। राजस्व टीम ने गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
बुधवार की सुबह बरई का पूरा व संदहां मजगवां गांव के ग्रामीणों के लिए अच्छी नहीं रही। हुआ यह कि खेतों की तरफ निकले ग्रामीणों ने देखा कि नहर का पानी पुलिया के पास उफनाकर खेतों से होते गांव की तरफ जाने वाले रास्ते पर पहुंच गया। जिस स्थान से पानी बह रहा था, वहां पुलिया भी क्षतिग्रस्त है। उसे लंबे समय से बनवाने की मांग की जा रही है। इस बीच नहर उफनाने से जहां 100 बीघा से अधिक क्षेत्रफल में धान की फसल जलमग्न हो गई। वहीं रास्ते पर जलभराव से दोनों गांवों की करीब दो हजार आबादी के समक्ष आवागमन संकट खड़ा हो गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार सूचना दिए जाने के बावजूद सिंचाई विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने शिकायत का संज्ञान नहीं लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने एसडीएम आलापुर रोशनी यादव से शिकायत की। एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल राजेश कुमार गांव पहुंचे और हालात का जायजा लेकर स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद एसडीएम के आदेश पर नहर में पानी रोक दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते शिकायत का संज्ञान लिया गया होता तो न धान की फसल डूबती और न ही रास्ते पर जलभराव का संकट खड़ा होता। लेखपाल ने बताया कि एक माइनर में जा रहा पानी रोक दिया गया। इसके चलते नहर में पानी बढ़ जाने से यह स्थिति उत्पन्न हुई। अब नहर का पानी बंद करा दिया गया है।