अंबेडकरनगर। अकबरपुर बसखारी मार्ग पर बरही के पास मंगलवार रात पुलिस जीप व कार में भिड़ंत हो गई। हादसे में कार में सवार वृद्ध महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य महिलाएं घायल हो गईं। बताया जाता है कि दिवंगत हुई वृद्ध महिला बीमार थी, परिजन उसका उपचार कराने के लिए अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में यह हादसा हो गया। उधर पुलिस के अनुसार महिला की मौत बीमारी से हुई है।
जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के परमेश्वर निवासी लाली देवी (60) पत्नी त्रिभुवन को मंगलवार देरशाम बीमार होने पर परिजन जहांगीरगंज के एक निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने रेफर कर दिया। इस पर परिजन उन्हें कार से लेकर जिला मुख्यालय आ रहे थे। बताया जाता है कि कार बसखारी थाना क्षेत्रांतर्गत बरही पेट्रोल पंप के पास पहुंची थी कि इस बीच सामने से आ रही पुलिस के पीआरवी वाहन से भिड़ंत हो गई।
दुर्घटना के चलते लाली देवी की मौत हो गई, जबकि कार में सवार ऊषा देवी, इंद्रावती व सविता घायल हो गईं। सूचना पर बसखारी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सभी को बसखारी सीएचसी पहुंचाया गया। वहां पर चिकित्सकों ने लाली देवी को मृत घोषित कर दिया। तीन अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। परिवारीजनों का आरोप है पुलिस जीप से टक्कर के बाद लाली की जान गई है। उधर बसखारी थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार मिश्र ने बताया कि महिला की मौत बीमारी के चलते हुई है। वह बीमार थीं।