विद्युतनगर। नगर पालिका द्वारा लगाए जा रहे कैंपों में सभी नागरिक बकाया गृहकर व जलकर अवश्य जमा कराएं। आगामी 31 मार्च तक नगर के विभिन्न स्थानों पर कैंप के माध्यम से बकाया जमा कराया जाएगा। इसके बावजूद जिसका टैक्स जमा नहीं होगा। ऐसे लोगों के विरुद्ध आगामी 1 अप्रैल से नोटिस व आरसी जारी किया जाएगा।
नगर पालिका परिषद टांडा के अधिशाषी अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने रविवार को बताया कि नागरिकों की सहूलियतों को देखते हुए नगर के विभिन्न स्थानों पर कैंप लगाकर गृहकर व जल कर आदि जमा कराए जा रहे हैं। प्रतिदिन जमा हो रहे राजस्व की समीक्षा भी की जा रही है। बताया कि 17 फरवरी से अब तक 11 लाख रुपये से अधिक की वसूली की जा चुकी है। नागरिकों को किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो इसके लिए रविवार के अवकाश में भी कैंप का आयोजन कर राजस्व की वसूली जा रही है।
बताया कि आगामी 31 मार्च तक यह कैंप प्रभावी रहेगा। यदि इस बीच जिसका कर जमा नहीं होता है, उसके विरुद्ध आगामी 1 अप्रैल से नोटिस व आरसी जारी किया जाएगा। इसलिए जिन नागरिकों ने अपना बकाया अब तक जमा नहीं किया है वह समय रहते जमा करा दें। अधिशाषी अधिकारी ने बताया नगर पालिका परिषद नगर के विकास को लेकर पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
नागरिकों को विभिन्न व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से मिल सके, इसके लिए पूरी कोशिश की जा रही है। किसी भी नागरिक को परेशान करने या उसके सामने मुश्किल खड़ा करने की कोई मंशा नहीं है। कोशिश सिर्फ यह है कि अधिकाधिक राजस्व अर्जित कर ज्यादा से ज्यादा विकास सुनिश्चित किया जा सके। कर्मचारियों को शासन की मंशानुसार कार्य करने की निर्देश दिया गया है। इस मौके पर कर निर्धारण अधीक्षक उमाशंकर सरोज, कर अधीक्षक शरतेंदु सिंह, राजस्व निरीक्षक राकेश कुमार, सलमान खान, रामबाबू गुप्त व सुरेश पांडेय आदि मौजूद रहे।