राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। क्षेत्र के चांडीपुर कला गांव में मंगलवार को वृद्ध ही हत्या के मामले में लापरवाही बरतने को लेकर एसपी एके सिन्हा ने एक उपनिरीक्षक व एक कांस्टेबल को निलंबित कर दिया। अमर उजाला ने अपने गुरुवार के अंक में पुलिस की लापरवाही को प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद यह कार्रवाई की गई।
चांडीपुर कला गांव निवासी सब्बुल (70) की भूमि विवाद में गत मंगलवार को भतीजे ताज मोहम्मद ने कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी थी। घटना के वकक्त सब्बुल गांव के बाहर बाग में बकरी चरा रहे थे। पुलिस ने ताज मोहम्मद समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज किया। सब्बुल के पुत्र सलाहुद्दीन के अनुसार भूमि विवाद को लेकर कई बार दोनों पक्षों में विवाद हुआ। थाने पर इसकी शिकायत भी की गई। आरोपी ताज मोहम्मद को पुलिस थाने बुलाकर छोड़ देती थी। इसके चलते उसका मनोबल बढ़ गया। वह आए दिन मारपीट करता था। अमर उजाला ने परिवार के इस दर्द तथा पुलिसकर्मियों की लापरवाही के मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया।
इस मामले में एसपी अजीत कुमार सिन्हा ने लापरवाही बरतने के आरोप में थाने के दरोगा विजय यादव व कांस्टेबल लक्ष्मण यादव को निलंबित कर दिया। इसके साथ सभी थानों के पुलिस कर्मियों को भूमि विवाद व अन्य मामलों में गंभीरता नहीं लेने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।