अंबेडकरनगर में सपा की साइकिल जनसंदेश यात्रा निकालते बनगांव रोड स्थित एक विद्यालय के बच्चे।
- फोटो : अमर उजाला
स्कूल में पढ़ने आए बच्चों को सपा का झंडा लगी साइकिल पकड़ा दी गई और सिर पर लाल टोपी। इसके बाद उन्हें भी सपा की साइकिल यात्रा में उतार दिया गया। कुछ इस तरह का दृश्य सोमवार को अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के बनगांव डिहवा में दिखाई पड़ा।
गौरतलब है कि इस क्षेत्र में संचालित एसपीएस इंटर कॉलेज को अभी हाल में ही माध्यमिक कक्षाओं की मान्यता भी मिली है। विद्यालय प्रबंधन से जुड़े लोग स्वयं को सपा का करीबी भी मानते हैं। पार्टी में जगह पाने के चक्कर में सोमवार को छात्रों को ही सपा का कार्यकर्ता बना दिया गया।
उनके सिर पर सपा की टोपी व साइकिल पर झंडे लगा दिए। इसके बाद बाकायदा उन्हें विद्यालय से गांवों के लिए रवाना कर दिया गया। स्कूली ड्रेस में गांवों में पहुंचे छात्रों को देखकर अभिभावकों में नाराजगी व्याप्त हो गई।
कई अभिभावकों ने तो फोन कर प्रबंधन की इस मनमानी की शिकायत की तो कई ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की।