जिले के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में सर्व शिक्षा अभियान के तहत बच्चों ने स्कूल चलो रैली निकाली। इस दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों से बच्चों को हर हाल में स्कूल भेजने का अनुरोध किया। कहा कि सबके प्रयास से ही बच्चे पढ़ लिखकर आगे बढ़ सकेंगे।
अकबरपुर क्षेत्र के उच्च, प्राथमिक व प्राथमिक विद्यालय द्वितीय सिझौली की संयुक्त रैली को गत दिवस प्रधानाध्यापिका कांती देवी नेे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शिक्षकों ने अभिभावकों से मुलाकात कर बच्चों का पंजीयन परिषदीय विद्यालयों में कराने का आहवान किया।
इस मौके पर रूपचन्द्र, मायादेवी, सुषमा शर्मा, कमलेेश आदि मौजूद रहीं। टांडा शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय इस्माइलपुर बेल्दहां में रैली निकाली गई। प्रधानाध्यापिका श्रीमती देवी की अगुवाई में रैैली निकली।
रैली में शरद श्रीवास्तव, मोहम्मद आरिफ, विवेक, सत्यम् आदि मौजूद रहे। राजेसुल्तानपुर प्रतिनिधि के अनुसार जहांगीरगंज विकास खंड के परिषदीय विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए रैली निकाली गई।
उच्च प्राथमिक विद्यालय जहांगीरगंज में निकली रैली में सपा विधायक भीमप्रसाद सोनकर, प्रद्युम्न यादव, खंड शिक्षा अधिकारी शैलेन्द्र कुमार त्रिपाठी मौजूद रहे। आलापुर प्रतिनिधि के अनुसार न्याय पंचायत सहिजना हमजापुर में स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकाली गई।
रैली में शामिल शिक्षकों ने आलापुर, सैदपुर, रसीदपुर, इन्दईपुर, जुनेदपुर आदि गांवों में जाकर ग्रामीणों को जागरूक किया। विद्युतनगर प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक विद्यालय त्रिलोकपुर टांडा में प्रबंध समिति अध्यक्ष विमला देवी के नेतृत्व में रैली निकाली गई। इसमें ग्राम प्रधान वंदना कुमारी, शमां आरा, लालजी व शकुंतला आदि मौजूद रहीं।