अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल के कोविड सेंटर निर्माण में धांधली का खामियाजा कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस को भारी पड़ सकता है। डीएम ने निर्देश दिए हैं कि इस संस्था से जुड़े सभी निर्माण कार्यों की जांच की जाए। इस जांच की जद में चार सीएचसी व छह पीएचसी में 116 बेडों की स्थापना के लिए चल रहे कार्य शामिल हैं।
कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। जिला अस्पताल में हुए हादसे के बाद अब डीएम सैमुअल पॉल एन ने सीएंडडीएस द्वारा कराए जा रहे सभी निर्माण कार्यों की जांच का निर्देश दिया है।
गौरतलब है कि गुरुवार देर रात जिला परिसर में निर्माणाधीन 42 बेड वाले कोविड सेंटर का छज्जा ढह गया था। निर्माण में बरती गई इस धांधली का डीएम ने जहां खुद मौके पर पहुंचकर जायजा लिया था तो वहीं पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी तीन सदस्यीय टीम को सौंपकर दो दिन के अंदर रिपोर्ट तलब कर ली थी।
उन्होंने अब निर्देश दिए हैं कि सीएंडडीएस द्वारा कराए जा रहे अन्य निर्माण कार्यों की भी जांच की जाए। इसके चलते चार सीएचसी व छह पीएचसी का निर्माण जांच के दायरे में आ गया है।
सीएमओ कार्यालय के अनुसार संबंधित संस्था जलालपुर, भियांव, जहांगीरगंज व भीटी सीएचसी परिसर में 20-20 बेड वाले वार्ड का निर्माण करा रही है। प्रत्येक वार्ड की लागत 32,27,000 रुपये है। इसी तरह औरंगनगर, ब्राहिमपुर कुसुमा, लखमीपट्टी, माडरमऊ, रामनगर व नेवादा पीएचसी में छह-छह बेड के वार्ड निर्माणाधीन हैं। प्रत्येक वार्ड की लागत 10,13,000 रुपये है। डीएम के निर्देशानुसार संयुक्त टीम अब इन कार्यों की जांच करेगी।।
अकबरपुर नगर स्थित राजकीय एकलव्य स्टेडियम परिसर में वर्ष 2009-10 में सीएंडडीएस द्वारा जूडो हाल का निर्माण कराया जा रहा था। शुरुआती दौर से ही इसमें मनमानी बरही जाने की शिकायतें सामने आने लगी थीं। जांच हुई तो संस्था आधा-अधूरा निर्माण छोड़कर चली गई। इसके बाद दूसरी संस्था ने निर्माण को पूरा किया था।
कार्यदायी संस्था द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में जो निर्माण कराए जा रहे हैं, उसकी नॉन डिस्ट्रक्टिव टेस्टिंग कराई जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर जरूरी कार्रवाई होगी।
-सैमुअल पॉल एन, डीएम