ये निर्देश पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ जोन जकी अहमद ने रविवार सायं जिला मुख्यालय पर आयोजित बैठक में पुलिस अधिकारियों को दिए। सुल्तानपुर जनपद में आयोजित बैठक में भाग लेने के बाद जिले की सीमा में पहुंचते ही आईजी जोन ने बेवाना थाने का निरीक्षण किया।
वहां रसूलपुर दियरा गांव में 14 शस्त्र लाइसेंसधारियों में से एक का भी शस्त्र जमा नहीं कराने पर नाराजगी जाहिर की और निर्देशित किया कि प्रभावी ढंग से ऐसे मामलों में कार्रवाई की जाए। थाने के सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि चुनाव में शांति व निष्पक्षता बनाए रखने के लिए लगातार प्रभावी प्रयास करें।
इसके बाद जिला मुख्यालय पर पुलिस लाइन में सभी एसडीएम, सीओ, कोतवाल व थानाध्यक्षों के साथ बैठक में आईजी जोन ने कहा कि ग्राम प्रधान चुनाव को देखते हुए पर्याप्त सतर्कता बरतने की जरूरत है। एक-एक गांव पर नजर रखी जाए और इसके लिए थानाध्यक्ष व अन्य उपनिरीक्षक के अलावा सीओ स्तर पर भी निगरानी हो।
उन्होंने अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। कहा कि अवैध ढंग से असलहे लेकर चलने वाले लोगों पर भी कार्रवाई तय की जाए और गुंडा एक्ट की कार्रवाई पर भी जोर रहे। डीआईजी वीके गर्ग ने कहा कि क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जिस तरह यहां शांतिपूर्ण ढंग से हुआ है, उससे भी बेहतर ढंग से ग्राम प्रधान का चुनाव संपन्न कराया जाए।
डीएम विवेक ने अधिकारियों को भरोसा दिलाया कि जिले की पूरी टीम मिलकर बेहतर माहौल में चुनाव संपन्न कराएगी। इसके लिए आवश्यक तैयारियां पहले से ही कर ली गई हैं। एसपी रोहन पी कनय ने भरोसा दिलाया कि सुरक्षा व शांति व्यवस्था से किसी प्रकार का खिलवाड़ करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
इसके लिए संवेदनशील स्थानों व कुछ अन्य तत्वों की पहचान कर उन पर नजर रखी जा रही है। बैठक में एएसपी पंकज पांडेय के अलावा कई अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।