अंबेडकरनगर। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में एबीवीपी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ में हुए नक्सली हमले में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही सरकार से माओवादियों व नक्सलियों के विरुद्घ कड़ी कार्रवाई की मांग की। गुरुवार को टांडा में एबीवीपी पदाधिकारियों ने झारखंडी मंदिर छज्जापुर से चौक घंटाघर तक कैंडल मार्च निकालकर जवानों को श्रद्धांजलि दी। वहीं जलालपुर में एबीवीपी पदाधिकारियों ने घटना की निंदा करते हुए सरकार से त्वरित कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा जिले के अन्य क्षेत्रों में एबीवीपी के साथ ही अन्य सामाजिक संगठनों ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद टांडा नगर इकाई की ओर से छत्तीसगढ़ में नक्सलियों द्वारा जवानों पर किए गए हमले की निंदा की गई। घटना में शहीद जवानों को एबीवीपी पदाधिकारियों ने श्रद्धांजलि दी। झारखंडी मंदिर छज्जापुर से चौक घंटाघर तक पदाधिकारियों ने कैंडल मार्च निकालकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। परिषद के कार्यकर्ताओं ने माओवादियों और नक्सलियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। गृहमंत्री अमित शाह से मांग की कि देश से अब माओवादियों व नक्सलियों को समाप्त करने का वक्त आ गया है।
प्रदेश सह मंत्री सौरभ मिश्र ने कहा कि नक्सलियों ने जिस कायराना ढंग से पुलिस जवानों पर हमला किया, वह अत्यंत निदंनीय है। कैंडल मार्च में अतुल सोनी, देवेश अग्रहरि, उमंग माझी, हिमांशू साहू, बादल कुमार, रिंकू सोनी, मलखान यादव, शुभम सोनी, ऐश्वर्य खन्ना, निशांत माझी आदि मौजूद रहे।
वहीं, एबीवीपी के पदाधिकारियों ने दयानंद आर्य कन्या इंटर कॉलेज जलालपुर परिसर में माओवादियों के हमले में शहीद हुए 22 जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। घटना को लेकर आक्रोश जाहिर करते हुए हमलावरों के विरुद्घ सख्त कार्रवाई की मांग की। कहा कि शहीदों व उनके परिवारीजनों को न्याय दिलाने के लिए सरकार को कठोर कार्रवाई करनी होगी। नक्सलवाद ने देश को काफी नुकसान पहुंचाया है। ऐसे में अब वक्त आ गया है कि देश को इससे मुक्त कराया जाए।
अयोध्या विभाग सह संयोजक अतुल जलालपुरी ने सरकार से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। इस मौके पर नगर सह मंत्री पुनीत द्विवेदी, शोभित, राजेश, नितिन कुमार, स्वप्निल, निखिल, सुनीता व खुशबू आदि मौजूद रहे। जिले के अन्य क्षेत्रों में एबीवीपी के अलावा अन्य सामाजिक संगठनों ने शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ ही सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की।