विधानसभा के पांचवें चरण में 27 फरवरी को चार विधानसभा सीटों पर होने वाले मतदान के लिए शनिवार शाम पांच बजे चुनाव प्रचार समाप्त हो गया। इसके साथ ही मतदान प्रक्रिया को निपटाने के लिए जिले की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया। साथ ही सार्वजनिक स्थानों व होटलों पर जांच अभियान भी शुरू हो गया।
शराब की दुकानों को 25 फरवरी की शाम 5 बजे से 27 फरवरी को शाम 5 बजे तक बंद कर दिया गया है। मतदान के मद्देनजर शनिवार 25 फरवरी को अंतिम दिन सभी दलों ने शक्ति प्रदर्शन के लिए पूरी ताकत झोंक दी।
अंबेडकरनगर सुल्तानपुर को जोड़ने वाले दोस्तपुर व महरुआ की सीमा, फैजाबाद व अंबेडकनगर को जोड़ने वाले यादव नगर चौराहा व ऐनवां चौराहा, अंबेडकरनगर बस्ती जनपद को जोड़ने वाले कलवारी पुल, अंबेडकरनगर व आजमगढ़ को जोड़ने वाले पवई व अंबेडकरनगर जौनपुर को जोड़ने वाली सुरहुरपुर चौराहे समेत कई अन्य स्थानों पर बैरीकेडिंग कर दी गई।
टांडा विधानसभा क्षेत्र के बसखारी व हंसवर मार्ग तथा शुकुलबाजार के निकट आलापुर विधानसभा सीमा को सील कर दिया गया। सार्वजनिक स्थानों व होटलों तथा ढाबों में सघन जांच अभियान भी शनिवार देर शाम से शुरू कर दिया गया।
सुरक्षा के लिए तगड़े प्रबंध
मतदान के लिए जिले में सुरक्षा के लिए तगड़े प्रबंध किए गए हैं। मतदान से पहले सब कुछ सामान्य रहे, इसके लिए सार्वजनिक स्थानों पर चौकसी बढ़ा दी गई है। लगातार गश्त कराई जा रही है, जिससे कोई अप्रिय स्थिति न होने पाए।
पीयूष श्रीवास्तव, एसपी