चोरी के आरोपियों के पास से बरामद सामान-
अंबेडकरनगर। राजेसुल्तानपुर इलाके में 28 अगस्त को मोबाइल की दुकान से चोरी की वारदात का पुलिस ने शनिवार को खुलासा किया। घटना में शामिल दुकान के पुराने कर्मचारी रंजन व उसके साथी ऋषभ गोस्वामी को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी के मोबाइल, एसेस्सीरीज समेत अन्य तमाम सामान बरामद हुआ है। खास बात यह रही कि चोरी किए गए सामान की बिक्री के लिए दोनों ने खुद की दुकान खोल दी और जब मोबाइल बेचा तो पकड़ लिए गए।
एसपी अभिजीत आर शंकर ने पुलिस लाइन सभागार में बताया कि 28 अगस्त 2025 को पदुमपुर क्षेत्र में मिथिलेश कुमार यादव की मोबाइल शॉप से मोबाइल और अन्य सामान चोरी होने की शिकायत मिली थी। मौके से मिले सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। इस बीच चोरी हुआ एक मोबाइल सक्रिय हुआ तो पुलिस ने उसे ट्रेस करना शुरू किया। बाद में पता चला कि रामनगर बाजार में एक दुकान खोली गई है, जहां से चोरी का मोबाइल बेचा गया है। इस पर पुलिस ने ऋषभ गोस्वामी निवासी बटेलीपुर आलापुर व रंजन निवासी बभनपुरा राजेसुल्तानपुर शनिवार को सिंघलपट्टी सागवन के बगीचे के पास दबोचा। इनके पास से 13 की-पैड मोबाइल, 7 एंड्रॉयड मोबाइल, 48 मोबाइल कवर, 8 मोबाइल बैटरी, डाटा केबल, चार्जर, ट्रेवल एडॉप्टर और होल्डर बरामद किए गए। इस दौरान एएसपी श्यामदेव, सीओ प्रदीप सिंह चंदेल, एसओ अक्षय पटेल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।