अंबेडकरनगर। अकबरपुर तहसील क्षेत्र में जमीन के बैनामे में लगभग 44 लाख रुपये की स्टांप चोरी पकड़ी गई। यह खुलासा बृहस्पतिवार को डीएम द्वारा कराई गई जांच में हुआ। डीएम ने निबंधन अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मालूम हो कि डीएम के स्तर से प्रत्येक माह पांच बड़े बैनामों का स्थलीय निरीक्षण किया जा है। इस क्रम में डीएम अविनाश सिंह बृहस्पतिवार को अकबरपुर तहसील के फतेहपुर ककरडिला पहुंचे। उन्होंने सहायक महानिरीक्षक निबंधन अविनाश पांडेय के साथ बैनामे वाली जमीन का जांच की। इसमें पता चला कि दो बड़े बैनामे एक ही राइसमिल के अलग-अलग भाग हैं। इस राइसमिल के दो और बैनामे पहले हो चुके हैं।
छानबीन में पता चला कि राइसमिल परिसर का बैनामा चार प्लाटों के रूप में निर्माण व सड़क को छिपाकर कराया गया है। यह बैनामे एक ही परिवार के अलग-अलग व्यक्तियों ने कराए हैं। इसमें 43,01,470 रुपये की स्टांप चोरी सामने आई। डीएम ने टांडा तहसील के चिंतौरा गांव में कराए गए एक बैनामे का भी निरीक्षण किया। इस बैनामे में 1,29,230 रुपये की स्टांप चोरी पकड़ी।