अंबेडकरनगर। सपा राष्ट्रीय महासचिव पूर्व मंत्री लालजी वर्मा ने इंडिया गठबंधन प्रत्याशी के तौर पर 1,37,247 मतों के बड़े अंतर से मंगलवार को अंबेडकरनगर लोकसभा चुनाव जीत लिया। उन्होंने यहां पिछली बार बसपा से सांसद रहे इस बार के भाजपा प्रत्याशी रितेश पांडेय को हराया। जीत के बाद उन्होंने कहा कि यह जीत आम लोगों को समर्पित है। जनता ने नफरत व अन्याय की राजनीति के खिलाफ वोट दिया है।
कटेहरी के मौजूदा सपा विधायक सपा महासचिव लालजी वर्मा ने मंगलवार को लोकसभा चुनाव में जीत का डंका बजाया। लोकसभा अंबेडकरनगर की पांच सीट गोसाईगंज, कटेहरी, टांडा, जलालपुर व अकबरपुर के कुल 19,11,297 मतदाताओं को मताधिकार का मौका मिला था। सपा, भाजपा व बसपा समेत कुल आठ प्रत्याशियों के लिए 11,74,672 मतदाताओं ने 25 मई को बूथों पर पहुंचकर मतदान किया।
भीषण गर्मी में भी 61.58 फीसद मतदान कर जिले के मतदाता छठे चरण में पूरे प्रदेश में अव्वल रहे थे। मतदान के बाद मंगलवार सुबह राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में मतों की गणना कराई गई। सुबह आठ बजे से पोस्टल मतों की गिनती दस टेबल पर कड़ी सुरक्षा में शुरू हुई। सामान्य प्रेक्षक के साथ ही मतगणना प्रेक्षक तथा जिला प्रशासन के अधिकारी डटे रहे। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में बैलेट पेपर की गिनती के बाद ईवीएम की गिनती शुरू कराई गई।
कुल 35 राउंड की गिनती के बाद एकतरफा मुकाबले में सपा प्रत्याशी लालजी वर्मा ने 1,37,247 के अंतर से धमाकेदार जीत दर्ज की। उन्हें कुल 5,44,959 मत मिले जबकि निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के रितेश पांडेय ने 4,07,712 मतदाताओं का समर्थन हासिल किया। बसपा प्रत्याशी कमर हयात को 1,99,499 मत मिले। प्रशासन ने देर शाम लालजी वर्मा को बतौर सांसद जीत का प्रमाणपत्र सौंपा तो माहौल परिसर के अंदर से लेकर बाहर तक जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा।
सांसद बने पूर्व मंत्री लालजी वर्मा ने कहा कि यह जीत बेरोजगारी, महंगाई के विरोध में है। भाजपा द्वारा संविधान के साथ की जा रही छेड़छाड़ तथा तानाशाही के खिलाफ है। जनता ने परिवर्तन के खिलाफ वोट दिया है। कुछ ही राज्यों के मतदाता स्थिति भांप नहीं पाए। फिर भी यह चुनाव परिणाम सत्तारूढ़ दल के खिलाफ गया है। उन्होंने सभी जनपदवासियों का आभार जताते हुए कहा कि वे उनकी उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरेंगे।