अंबेडकरनगर। जिले में तैनात हुए नवनियुक्त सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा ने शनिवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता कोरोना की तीसरी संभावित लहर का असर कम से कम होने देना है। नागरिकों और खासतौर पर बच्चों को बचाने की तैयारियों को तेज कराया जाएगा। ऑक्सीजन प्लांट लगाने के कार्य में भी तेजी लाना तय होगा। मैं खुद अस्पतालों का नियमित जायजा लूंगा, कमियों को दूर कराया जाएगा तो अच्छे कार्य के लिए कर्मियों को शाबाशी भी दी जाएगी।
मेरठ जनपद के मूल निवासी श्रीकांत ने कहा कि जिले में वैक्सीन ज्यादा से ज्यादा लोगों को लगवाने पर उनका जोर रहेगा। खास तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा फोकस किया जाएगा। ग्रामीणों को समझाने के कार्य में न सिर्फ विभागीय कर्मियों वरन गणमान्य नागरिकों की भी मदद ली जाएगी।
सीएमओ ने कहा कि तीसरी संभावित लहर को देखते हुए जरूरी तैयारियों को तेजी से पूरा कराया जाएगा। बच्चों के वार्ड पर खास ध्यान रहेगा। बच्चों और उनके परिवारीजनों को दिक्कत न होने पाए, इसके लिए आवश्यक रिहर्सल भी होंगे। कोरोना संक्रमण कम हो रहा है, इसलिए अस्पतालों में ओपीडी व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
मालूम रहे कि बीते दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नाराजगी के चलते सीएमओ डॉ. अशोक कुमार का स्थानांतरण कर दिया गया था। उन पर उच्चस्तरीय बैठक में गलत सूचना देने का मामला पाया गया था। सीएम के निर्देश के बाद शामली में कार्यरत डॉ. श्रीकांत शर्मा को यहां का सीएमओ नियुक्त कर दिया गया। वे शनिवार को जिला मुख्यालय पहुंचे और सीएमओ कार्यालय में कार्यभार ग्रहण किया।