अलीगंज थाने में दी तहरीर, वरिष्ठ पदाधिकारियों को भेजा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
टांडा (अंबेडकरनगर)। समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष के खिलाफ समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी संगठन के राष्ट्रीय सचिव ने अभद्रता व मारपीट का आरोप लगाते हुए अलीगंज थाने में तहरीर दी है। साथ ही पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी पत्र भेजा है।
अलीगंज थाना क्षेत्र के ककराही निवासी राष्ट्रीय सचिव अमन गौतम के मुताबिक वे बीते 27 नवंबर को देर शाम करीब साढ़े 8 बजे एक शादी समारोह से शामिल होकर घर लौट रहे थे। रास्ते में रायपुर के पास सपा जिलाध्यक्ष जंगबहादुर यादव ने रोककर अपने पास बुलाया। वह बाइक खड़ी कर उनके पास गया तो वे अपशब्दों का प्रयोग करते हुए उसे डांटने लगे और राजनीति खत्म करने की धमकी दी। इसके बाद जबरन गाड़ी में बिठा लिया और सरयू नदी के किनारे ले जाकर मारा पीटा।
अमन ने पुलिस को तहरीर देने के साथ ही संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों से भी शिकायत की है। उधर जिलाध्यक्ष जंगबहादुर ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है। कहा कि वे सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हैं। इस तरह के आरोपों का कोई औचित्य नहीं है। उधर थानाध्यक्ष अभय कुमार मौर्य ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले में छानबीन की जा रही है।