अंबेडकरनगर। सपा राष्ट्रीय महासचिव पूर्व मंत्री लालजी वर्मा ने मंगलवार को इंडिया गठबंधन प्रत्याशी के तौर पर कलेक्ट्रेट में पर्चा भरा। दो सेट में नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले कटरिया याकूबपुर की बाग में पार्टी की बड़ी जनसभा भी हुई। इसमें पूर्व मंत्री व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि जनता इस बार भाजपा सरकार की तानाशाही व वायदा खिलाफी से नाराज है। 1977 के चुनाव जैसी नाराजगी का परिणाम इस बार भी आएगा।
नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के दूसरे दिन सपा प्रत्याशी लालजी वर्मा ने अपना नामांकन पत्र पार्टी नेताओं के साथ पहुंचकर दाखिल किया। जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह को उन्होंने दो सेट में नामांकन पत्र दिया। एडीएम डॉ. सदानंद गुप्त व एसडीएम पवन जायसवाल की मौजूदगी में पर्चा दाखिला की प्रक्रिया पूरी हुई। इससे पहले कटरिया याकूबपुर में पार्टी ने जनसभा की।
राष्ट्रीय महासचिव लालजी वर्मा ने कहा कि युवाओं, महिलाओं व आम लोगों के हितों की परवाह सरकार को नहीं है। सिर्फ झूठे वायदे किए जा रहे हैं। तानाशाही व अत्याचार चरम पर है। राष्ट्रीय महासचिव रामअचल राजभर व पूर्व मंत्री राममूर्ति वर्मा ने कहा कि अंबेडकरनगर की जनता ने कभी भी नफरत व अत्याचार की राजनीति को महत्व नहीं दिया। पूर्व एमएलसी हीरालाल यादव व विशाल वर्मा ने कहा कि जिले की जनता फिर से यह साबित करेगी कि वह भाईचारे की राजनीति की समर्थक है। सभा को जिलाध्यक्ष जंगबहादुर यादव, पूर्व विधायक सुभाष राय, वरिष्ठ नेता राजेश सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, प्रदेश सचिव अमित जायसवाल, वरिष्ठ सपा नेता मोहम्मद एबाद आदि मौजूद रहे।