अंबेडकरनगर। जल्द ही अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के सोनगांव में बिजली की निर्भरता समाप्त हो जाएगी। पांच हजार आबादी वाल इस गांव को सौर ऊर्जा से रोशन किया जाएगा। घरेलू से लेकर कॉमर्शियल और खेती-बाड़ी के लिए सिर्फ सौर ऊर्जा का इस्तेमाल किया जाएगा। चयन प्रक्रिया के साथ ही वैकल्पिक ऊर्जा विभाग की ओर से प्रस्ताव बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
हर घर व खेत सोलर पैनल लगवाने के लिए चयनित इकलौते गांव में शासन स्तर से एक करोड़ की राशि दी जाएगी। चयन के बाद नेडा विभाग प्रस्ताव बनाकर शासन से बजट की मांग करेगा। शासन स्तर से जारी निर्देशों के बाद नेडा इन निर्देशों को अमली जामा पहनाने में लग गए हैं। डीपीआरओ से पांच हजार से ऊपर की आबादी वाले गांवों में मानक के अनुसार माडल सोलर गांव की सूची मांगी थी।
डीएम की अध्यक्ष वाली कमेटी में 5000 से अधिक आबादी वाले गांवों का योजना में चयन किया जाना था। इसको लेकर नेडा की ओर से एक फार्मेट निर्धारित किया गया। प्रारूप पर सोलर होम लाइट सिस्टम की संख्या, क्षमता, कृषि के लिए सौर पंप की संख्या व क्षमता, सौर पंप में आन ग्रिड व ऑफ ग्रिड की संख्या, गांव की सड़क पर लगी सोलर लाइटों की संख्या, सोलर हाईमास्ट लाइटों की संख्या, ऑनग्रिड सोलर पावर प्लांट, सौर आधारित जल प्रणाली, सौर आधारित पारंपरिक ऊर्जा संयंत्रों की संख्या मांगी गई थी।