जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। किसानों को फार्मर आईडी बनवाने में पसीने छूट रहे हैं। इसको बनवाने के लिए सुबह से ही केंद्रों पर भीड़ तो जुट रही है, लेकिन कहीं कर्मचारी तो कहीं नेटवर्क बाधा बन रहा है। इसके चलते किसानों को फार्मर आईडी बनने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। शनिवार को क्षेत्र में बड़े पैमाने पर फार्मर आईडी बननी थी। इसके लिए लेखपाल, पंचायत सहायक और संबंधित जनसेवा केंद्र संचालक को लगाया गया था। क्षेत्र में बन रही फार्मर आईडी को लेकर टीम ने पड़ताल की तो कई स्थानों पर अव्यवस्थाएं दिखीं।
दोपहर 12:45 बजे पंचायत भवन देवरिया लाला पर पहुंचने पर पता चला कि लेखपाल विवेक कुमार अभी नहीं पहुंचे हैं, लेकिन पंचायत सहायक छाया उपाध्याय व जनसेवा संचालक रामआशीष मौजूद थे। यहां पर पांच आईडी ही बन पाई थी।
दोपहर 1:30 बजे अलाउद्दीनपुर पंचायत भवन पहुंचने पर पंचायत सहायक नेहा वर्मा मौजूद रहीं। लेखपाल रामकेवल व जनसेवा केंद्र संचालक नहीं पहुंचे थे। इसके कारण उस समय तक कोई फार्मर आईडी नहीं बन पाई थी।
दोपहर 1:45 बजे नवागांव पहुंचने पर लेखपाल संतोष प्रजापति, पंचायत सहायक रजनी जायसवाल व जनसेवा केंद्र संचालक अवधेश मौजूद रहे। यहां पर लगभग 20 लोगों की फार्मर आईडी बन चुकी थी। कर्मचारी नेटवर्क की समस्या से जूझते रहे।
एसडीएम आलापुर सुभाष सिंह ने बताया कि फार्मर आईडी बनाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं है। जहां कहीं लापरवाही हुई है, उसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।