अंबेडकरनगर। टांडा में आईसीआईसीआई बैंक लूटकांड में पुलिस के हाथ कुछ महत्वपूर्ण मोबाइल नंबर लगा है। इनके सहारे पुलिस बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। इस बीच एसटीएफ व स्वाट टीम की छापेमारी गुरुवार रात व शुक्रवार दिन में भी जारी रही। स्केच बनाने में जुटी पुलिस टीम को तीन बदमाशों के हेलमेट पहने होने तथा एक के रुमाल बांधने के चलते पूरी तरह सफलता नहीं मिल पा रही है।
गत दिवस छज्जापुर स्थित आईसीआईसीआई बैंक शाखा से बदमाशों ने दिनदहाड़े 38 लाख से अधिक की रकम लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस मामले में इसके बाद से ही खुलासे में लगी हुई है। इसमें एसटीएफ के साथ ही कई जिलों की स्वाट टीम भी शामिल है। पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी कर बीते दिनों 35 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया था। इनसे सघन पूछताछ का दौर चला। इनमें से तमाम लोगों को पूछताछ के बाद अब छोड़ा जा रहा है।
इस बीच पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी तथा बाहर के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी के फुटेज के आधार पर बदमाशों का स्केच बनाने का काम शुरू किया। हालांकि तीन बदमाशों के हेलमेट पहने होने तथा एक बदमाश द्वारा रुमाल बांधे जाने के चलते स्केच बनाने का काम पूरा नहीं हो पा रहा है। एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि हेलमेट के चलते बहुत कुछ स्पष्ट नहीं हो रहा। स्केच तैयार करने की कोशिश के साथ ही अन्य विकल्पों पर भी लगातार काम चल रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार इस बीच कुछ मोबाइल नंबर पुलिस के हाथ लग गए हैं, जिनके आधार पर पुलिस टीम बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। इस बीच एसटीएफ व सवाट टीम ने छापेमारी का दौर जारी रखा है। हालांकि छापेमारी को लेकर कोई भी सूचना पुलिस प्रशासन साझा करने से बच रहा है। शुक्रवार शाम एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र एक बार फिर से टांडा पहुंचे और वहां उन्होंने टीमों के साथ अलग-अलग विचार विमर्श करने के बाद साझा समीक्षा भी किया। एसपी ने देर शाम बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी को लेकर सभी जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं। कुछ जरूरी जानकारी हाथ लगी है, जिस पर काम चल रहा है।