अंबेडकरनगर। होली आते ही बाजारों में रंग-अबीर-गुलाल के साथ ही तरह-तरह की पिचकारियों की धूम है। कोई वाटर गन पिचकारी तो कोई पिट्ठू पिचकारी खरीद रहा है। डोरेमान, छोटा भीम सहित मशीन गन सरीखी पिचकारियां भी बिक रही हैं। चीता, बिल्ली व कुत्ते सहित अन्य जानवरों के फेस मास्क भी बच्चे खूब खरीद रहे हैं।
बच्चे, युवा व महिलाओं के बीच होली के मद्देनजर उल्लास का माहौल है। बाजारों में इसका असर देखने को मिल रहा है। अकबरपुर नगर समेत ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों में जहां खाद्य सामग्रियों की खरीदारी बढ़ गई है। रंग-अबीर-गुलाल, पिचकारी, मास्क व डिजाइनर कपड़ों की दुकानें सज उठी हैं। खरीदार भी बड़ी तादाद में उमड़ने लगे हैं।
पटेलनगर स्थित पिचकारी व रंग-गुलाल विक्रेता हर्षित ने बताया कि बच्चों की मांग को देखते हुए तरह-तरह की पिचकारियां मंगाई गई हैं। 50 रुपये से लेकर 1500 रुपये तक की पिचकारी उनके पास मौजूद है। पिछले साल की तुलना में इस बार दाम में 20 से 50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। युवा व बच्चे मास्क, टोपी व रंग-बिरंगे कपड़े खरीद रहे हैं। रोडवेज क्षेत्र के विक्रेता अनुज कुमार व सतीश भी इस बार हो रही बिक्री से उत्साहित हैं।
इस बार की होली में दुकानों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर वाले गमछे की खरीदारी को लेकर जोर दिख रहा है। 50 से लेकर 150 रुपये तक में इन गमछों की बिक्री हो रही है। शहजादपुर के दुकानदार पवन कहते हैं कि भगवा रंग के साथ पीएम व सीएम की छपी तस्वीर के गमछे खरीदने के लिए युवा बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।