अंबेडकरनगर। जिले के सभी पांच तहसील मुख्यालय पर मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। 1082 फरियादियों ने संबंधित तहसील पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं। 75 शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण हो सका। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया। जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने अकबरपुर तहसील पहुंचकर संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता की। जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
अकबरपुर में संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने कहा कि योजनाओं का समुचित लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक को मिले, इसके लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी का निर्वह्न ईमानदारी के साथ करनी होगी। कहा कि फरियादी बड़ी उम्मीदों के साथ अपनी समस्याएं लेकर हमारे पास आते हैं। ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी है कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें। इस दौरान कुल 288 शिकायतें आईं।
19 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। इस मौके पर एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र, सीडीओ अनूप कुमार श्रीवास्तव, डीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. अशोक कुमार, डीआईओएस विनोद सिंह, बीएसए अतुल कुमार सिंह, खाद्य निरीक्षक शैलेंद्र कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।
जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार, एसडीएम देवीदयाल वर्मा की मौजूदगी में कुल 278 शिकायतें आईं। 18 का मौके पर निस्तारण हुआ। इस दौरान सीओ अमरबहादुर, तहसीलदार ज्ञानेंद्र आदि मौजूद रहे। टांडा प्रतिनिधि के अनुसार, एसडीएम एमपी सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन हुआ।
110 के सापेक्ष 12 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। भीटी प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम धीरेंद्र श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 175 मामले आए। 14 का मौके पर निस्तारण हुआ। इस दौरान सीओ वीके श्रीवास्तव, चकबंदी सीओ विनोद सिंह, एसडीओ विद्युत वीके वर्मा आदि मौजूद रहे। आलापुर प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम भरतलाल सरोज की मौजूदगी में 231 शिकायतें आईं। 12 का मौके पर निस्तारण हुआ।