अंबेडकरनगर। आर्थिक तंगी से जूझ रहे साढ़े 35 हजार दैनिक मजदूरों के खाते में 1 हजार रुपये प्रति मजदूर की दर से लगभग 3 करोड़ 35 लाख रुपये की राशि भेजी जा चुकी है। कोविड-19 से निपटने के लिए जिले को शासन से अब तक लगभग 15 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध हो चुकी है।
इससे न सिर्फ दैनिक मजदूरों को सहायता दी जाए, बल्कि आर्थिक समस्या से जूझ रहे जरूरतमंदों को भोजन व भोजन सामग्री भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा राजकीय मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल व सीएमओ कार्यालय को भी कोविड-19 से निपटने के लिए विभिन्न प्रकार के उपकरणों की खरीददारी के लिए भी राशि उपलब्ध कराई गई है।
ग्रीन जोन में शामिल अंबेडकरनगर जनपद को कोविड-19 से निपटने में किसी भी प्रकार की आर्थिक मुश्किल न हो, इसके लिए शासन से जिले को अब तक 14 करोड़ 85 लाख रुपये उपलब्ध कराए गए हैं।
आपदा लिपिक हर्षवर्धन मिश्र ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2019-20 में फरवरी व मार्च माह में चार किस्तों कुल 85 लाख रुपये शासन से उपलब्ध हुए। पहली किस्त के रूप में 15 लाख रुपये मिले। इसमें जिला अस्पताल को साफ सफाई व विभिन्न उपकरणों के लिए उपलब्ध कराया गया। दूसरी किस्त में मिली 5 लाख रुपये की राशि में 1 लाख 18 हजार 394 रुपये जिला अस्पताल व 3 लाख 54 हजार 987 रुपये सीएमओ कार्यालय को दिए गए। शेष 26 हजार 619 रुपये को मार्च माह के अंत में सरेंडर कर दिया गया।
तीसरी किस्त के रूप में राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर के लिए 50 लाख रुपये की राशि उपलब्ध हुई। इसमें 49 लाख 97 हजार 188 रुपये मेडिकल कॉलेज को उपलब्ध कराए गए। शेष बची 2 हजार 812 रुपये शासन को वापस भेज दिया गया। चौथी किस्त के रूप में 15 लाख रुपये मिले। संबंधित राशि को तहसील व ब्लाकों में वितरित कर दी गई।
बताया कि नए वित्तीय वर्ष 2020-21 में कोविड-19 से निपटने के लिए अब तक 14 करोड़ की राशि जिले को शासन से उपलब्ध हुई। इसमें से 10 करोड़ रुपये की राशि दैनिक मजदूरों के लिए थी। प्रति मजदूर एक हजार रुपये की दर से अब तक नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत व ब्लाकस्तर पर उपलब्ध सुची के आधार पर 35 हजार 552 मजदूरों के खाते में कुल 3 करोड़ 35 लाख 52 हजार रुपये की राशि भेजी जा चुकी है।
शेष 6 करोड़ 64 लाख 48 हजार रुपये की राशि नई सूची उपलब्ध होने के बाद मजदूरों के खाते में भेजी जाएगी। द्वितीय किस्त में 3 करोड़ रुपये की राशि भोजन व खाद्य सामग्री के लिए शासन से उपलब्ध हुई। इसमें से जिले में चल रहे 15 आपदा कम्युनिटी किचन व खाद्य सामग्रियों किट के लिए अब तक 2 करोड़ 19 लाख 4 हजार 513 रुपये खर्च किए जा चुके हैं। 80 लाख 95 हजार 487 रुपये शेष हैं। तीसरी किस्त के रूप में राजकीय मेडिकल कॉलेज के लिए 50 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराया गया। इसमें से मेडिकल कॉलेज को अब तक 37 लाख 37 520 रुपये भेजे जा चुके हैं।
शेष 12 लाख 62 हजार 480 रुपये आपदा प्रबंधन के खाते में है, जिसे जरूरत पडने पर मेडिकल कॉलेज को दिया जाएगा। चौथी किस्त के रूप में जिला अस्पताल व सीएमओ कार्यालय के लिए 50 लाख रुपये शासन से उपलब्ध कराया गया है। इन दोनों कार्यालयों द्वारा अब तक राशि की मांग नहीं की गई है। मांग करने पर उपलब्ध कराया जाएगा।
धन की नहीं है कमी
कोविड-19 से निपटने के लिए जिले में धन की कोई कमी नहीं है। मार्च से अब तक अलग अलग किस्तों में लगभग 15 करोड़ रुपये की राशि शासन से जिले को उपलब्ध हो चुकी है, जिसे आवश्यकतानुसार खर्च किया जा रहा है।
- डॉ. पंकज कुमार वर्मा, एडीएम