अंबेडकरनगर। जिले के विभिन्न बैंक शाखा व ग्राहक सेवा केन्द्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अब कई जगह दिखने लगा है। कई स्थानों पर चाहें कोई कर्मचारी इसके लिए दिशा निर्देश दे रहा हो या नहीं, आम नागरिक स्वयं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं।
आम जनता की यह तस्वीर सुखद प्रदान करने वाली भी होती हैं। कोरोना वायरस जैसी घातक बीमारी से लड़ने के लिए आम जनता में जागरूकता की सबसे ज्यादा आवश्यकता है। ऐसे में जब आम नागरिक स्वयं लॉकडाउन व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते दिखते हैं, तो इससे लड़ाई और आसान भी दिखती है।
लॉकडाउन व सोशल डिस्टेंसिंग को सफल बनाने के लिए प्रशासन पूरी ताकत के साथ जुटा है। इसमें आम नागरिकों के सहयोग की भी तस्वीरें प्रतिदिन देखने को मिलती हैं। लगभग सभी सरकारी दफ्तर में कार्य ठप होने के बीच आम जनता के बीच आर्थिक तंगी न उत्पन्न हो इसके लिए बैंक शाखाएं व ग्राहक सेवा केन्द्रों का संचालन जारी है। प्रतिदिन ऐसे स्थानों पर बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंच भी रहे हैं।
प्रतिदिन की तरह बुधवार को भी जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक की बाजारों में स्थापित बैंक शाखाएं व ग्राहक सेवा केन्द्रों पर उपभोक्ताओं की भीड़ दिखी। राहत की बात यह कि इन स्थानों पर उपभोक्ता स्वयं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते व मुंह को मॉस्क, गमछा या फिर रूमाल से ढके नजर आए। कुछ ऐसी ही तस्वीरें रगड़गंज के एक ग्राहक सेवा केन्द्र पर देखने को मिली। केंद्र के बाहर उपभोक्ता धूप के चलते सीधी लाइन में तो नहीं खड़े थे, लेकिन उन सभी उपभोक्ताओं के बीच एक दूसरे से दूरी जरूर दी। सभी के मुंह कपड़े से ढकें भी थे।
अकबरपुर नगर के डॉ राहुल मिश्र, पंकज तिवारी व प्रदीप सिंह आदि का कहना है कि कोरोना जैसे वायरस से लड़ने के लिए जन जागरूकता जरूरी है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से जब ऐसी तस्वीर सामने आती हैं, तो एहसास होता है कि कोरोना वायरस से लड़ने के लिए हर कोई तैयार है। उधर एलडीएम आशीष कुमार सिंह का कहना है कि लगातार बैंक प्रबंधन व ग्राहक सेवा केन्द्र संचालकों को इसके लिए निर्देशित किया जा रहा है। उपभोक्ताओं को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, मुंह हमेशा ढककर रखने की सलाह दी जा रही है। साथ ही बगैर सैनिटाइज किए उपभोक्ताओं को बैंक परिसर के अंदर दाखिला नहीं दिया जाता। उपभोक्ता भी इसमें भरपूर सहयोग कर रहे हैं।