अंबेडकरनगर। मौके पर जाने के लिए पीड़ित से पेट्रोल की मांग करने के मामले में सिपाही के निलंबन के बाद अब थानाध्यक्ष सूबेदार सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। सिर्फ अमर उजाला ने पीड़ित की आवाज को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। सिपाही के विरुद्ध कार्रवाई के साथ ही जांच सीओ सिटी को सौंप दी गई थी। अब रिपोर्ट सामने आई तो नवागत एसपी ने थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सूबेदार यादव को लाइन हाजिर कर दिया।
सम्मनपुर थाना क्षेत्र के रोशनगढ़ निवासी रामअवतार से सिपाही पवन चतुर्वेदी ने एक किमी. दूर मौके पर जाने के लिए पेट्रोल के नाम पर 500 रुपये मांगे थे। वह 200 रुपये देने को तैयार थे, लेकिन सिपाही ने इंकार कर दिया। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होते ही तत्कालीन एसपी आलोक प्रियदर्शी ने तत्काल सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया। बाद में देर शाम उसे निलंबित भी कर दिया गया। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने जांच सीओ सिटी को सौंप दी थी।
सीओ अशोक कुमार सिंह ने थाने जाकर रामअवतार से बात की। इसके बाद जांच रिपोर्ट सौंप दी। जांच रिपोर्ट सोमवार को नए एसपी अजीत कुमार सिन्हा के सामने आई, तो उन्होंने कार्य में शिथिलता बरतने के आरोप में सम्मनपुर के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सूबेदार यादव को लाइन हाजिर कर दिया। उनके स्थान पर चुनाव के दौरान चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी निभा चुके इंस्पेक्टर रमाकांत प्रजापति को सम्मनपुर थाने का नया प्रभारी बना दिया। उधर, सिपाही को निलंबित किए जाने के बाद विभागीय जांच सीओ भीटी को सौंप दी गई है।