टांडा/विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। एसटीएफ लखनऊ ने जनपद पुलिस के साथ मिलकर रविवार को एक तस्कर को गिरफ्तार कर करीब 65 किलो चरस बरामद की गई है। आरोपी कार में चरस लेकर जा रहा था। बरामद चरस की कीमत लगभग सवा तीन करोड़ रुपये बताई गई है। गिरोह का एक सदस्य पिछले दिनों पकड़ा गया था।
अलीगंज क्षेत्र में हकीमपुर के पास हाईवे से गिरफ्तार किए गए तस्कर की पहचान सुनील पटेल के रूप में हुई। सुनील प्रतापगढ़ जनपद के पट्टी थानान्तर्गत घाघर पट्टी गांव का रहने वाला है। मालूम हो कि 18 जुलाई को करीब साढ़े चार किलोग्राम चरस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया था। उससे पूछताछ के बाद से एसटीएफ और जिला पुलिस को सुनील की तलाश थी।
इस बारे में सूचना मिलने पर लखनऊ से आई एसटीएफ की टीम ने अलीगंज पुलिस के साथ मिलकर आरोपी को कार से चरस लेकर जाते समय गिरफ्तार किया। सुनील से पूछताछ में पता चला कि वह मध्य प्रदेश के इंदौर जनपद के भागीरथपुरा गांव में रहकर तस्करी का काम कर रहा था। चरस को कार के अलग-अलग हिस्से में छिपाकर रखा था।
तस्करों का गिरोह नेपाल से लाता है चरस
पुलिस के अनुसार चरस तस्करों का एक गिरोह है। इसके सदस्य नेपाल चरस लाकर अंबेडकरनगर के साथ अन्य जनपदों में बेचते हैं। एसपी अजीत सिन्हा ने बताया कि जनपद पुलिस को एसटीएफ की मदद से यह सफलता मिली है। नशीले पदार्थ का कारोबार रोकने के लिए गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।