अंबेडकरनगर। जलालपुर विधानसभा क्षेत्र में सकरी पुलियों की जगह लघु सेतु बनाने की कवायद तेज हो गई है। पहले से स्वीकृत दो कार्यों के लिए शासन ने पहली किस्त की धनराशि जारी कर दी है। बजट मिलने के बाद दोनों स्थानों पर निर्माण की विभागीय प्रक्रिया शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
सेमरा-कटका-बंदीपुर-नेवादा कला से बंदीपुर चैनपुर संपर्क मार्ग के किमी एक में स्थित सकरी पुलिया के स्थान पर लघु सेतु का निर्माण कराया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत 34.69 लाख रुपये है। कार्य के लिए पहली किस्त के रूप में 6.94 लाख रुपये जारी किए गए हैं।
इसी तरह मरहरा संपर्क मार्ग के किमी एक में स्थित सकरी पुलिया की जगह भी लघु सेतु बनाया जाएगा। इस कार्य की अनुमानित लागत 34.48 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इसके लिए पहली किस्त के तौर पर 6.90 लाख रुपये जारी हुए हैं। दोनों लघु सेतुओं के निर्माण की कुल अनुमानित लागत 69.17 लाख रुपये है, जबकि पहली किस्त के रूप में कुल 13.84 लाख रुपये जारी किए गए हैं। दोनों कार्यों को पहले ही स्वीकृति मिल चुकी थी। अब संबंधित विभाग निर्माण से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कर कार्य आगे बढ़ाएगा।
विधायक राकेश पांडेय ने कहा कि क्षेत्र में सकरी पुलियों के कारण आवागमन प्रभावित होने वाले स्थानों पर लघु सेतु निर्माण के प्रस्ताव शासन को भेजे जा रहे हैं। जरूरत वाले अन्य स्थानों को भी चिह्नित कर प्रस्ताव भेजे जाएंगे।