जिला अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को मरीज को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देते फिजिशियन डाॅ.विवेक
अंबेडकरनगर। दो दिन हुई बारिश से जहां मौसम सुहाना हुआ है, वहीं जिला अस्पताल में त्वचा रोगियों की संख्या भी बढ़ गई है। शरीर के अलग-अलग हिस्सों में लाल चकत्ते वाले दाने और अन्य एलर्जी वाले मरीजों की भीड़ ओपीडी में लग रही है। मंगलवार को ओपीडी में ऐसे करीब 93 मरीज आए।
ओपीडी में त्वचा रोग विशेषज्ञ के अवकाश पर होने के कारण मरीजों को फिजीशियन से उपचार कराना पड़ा। अस्पताल के डॉ. विवेक पांडेय ने बताया कि बारिश के बाद त्वचा रोग संबंधी मरीजों की संख्या बढ़ी है। सबसे ज्यादा मरीज खुजली से परेशान होकर ओपीडी में आए थे। इसके अलावा चुभन, जलन जैसे लक्षण के भी तीन से चार मरीज उपचार के लिए आए थे। चिकित्सक ने ऐसे मरीजों को बीमारियों से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानियां बरतने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है, ऐसे में लोगों को एहतियात बरतने की जरूरत है।
शरीर में निकले दाने से मरीज परेशान
अकबरपुर के कटरिया याकूबपुर निवासी रोहित ने बताया कि बारिश के दिन वह भीग गया था और कपड़े भी नहीं सुखाए थे। जिसके बाद उसके शरीर में दाने निकल आए थे। चिकित्सक को दिखाने के बाद दवा ली है। सम्मनपुर की कजपुरा निवासी साधना मंगलवार को दवा लेने अस्पताल आई थीं। बताया कि उनके हाथों में छोटे- छोटे दाने निकलते हैं। चिकित्सक को दिखाने आए हैं।
बदलते मौसम के कारण अस्पताल में भीड़ अधिक है। अस्पताल में सभी प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं। चिकित्सकों को स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी को भी बाहर की दवाएं न लिखें।
- डॉ. पीएन यादव, सीएमएस