अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पति-पत्नी समेत कुल छह लोग तेज बुखार की चपेट में आ गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से एक को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। गौरतलब है कि जिले में डेंगू व तेज बुखार का प्रकोप दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। शायद ही कोई ऐसा दिन बीतता हो जब इसकी चपेट में आए लोग जिला अस्पताल में भर्ती न होते हों।
शनिवार को भी तेज बुखार के छह मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हुए। भीटी थाना क्षेत्र अंतर्गत भीटी निवासी सतीश चंद्र (65) पुत्र सुखराम शुक्रवार सुबह तेज बुखार की चपेट में आ गया। परिवारीजनों ने उसे पहले सीएचसी भीटी फिर शनिवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
वहीं, अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शहजादपुर निवासी मेराज अय्यूबी (48) पुत्र मोहम्मद अय्यूब व उनकी पत्नी किरन बानो (40) शुक्रवार को तेज बुखार की चपेट में आ गईं। स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद भी जब तबियत में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेराज की हालत गंभीर बनी हुई है।
उधर, अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरीपुर गांव निवासिनी श्रीपत्ती देवी (45) पत्नी बुधिराम को तेज बुखार चढ़ने पर शनिवार भोर में परिवारीजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, टांडा थाना क्षेत्र अंतर्गत सूरापुर निवासी जगराम (35) पुत्र सतीराम को गुरुवार को तेज बुखार चढ़ गया।
उसका पहले स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया लेकिन तबियत में सुधार न होने पर शनिवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी थाना क्षेत्र अंतर्गत टांडा निवासी रोहित (15) पुत्र निन्कू को परिवारीजनों ने शनिवार सुबह तेज बुखार चढ़ने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।