कटेहरी। महामाया कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय (एमसीएईटी) अकबरपुर के छह छात्रों ने विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में चयनित होकर तथा प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है।
हर्षित कोष्ठा का चयन टीएएफई ट्रैक्टर्स, विवेक सिंह का सोनालिका ट्रैक्टर्स, ज्योति मिश्रा का नामधारी पाइप्स इंडस्ट्रीज, प्रशांत मौर्य और अनुराधा का एवरिक्स सॉल्यूशंस में हुआ है। वहीं अनु यादव ने गेट परीक्षा उत्तीर्ण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। सफल छात्रों को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने नियुक्ति पत्र व सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कुलपति ने महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एनसी शाही और ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल प्रभारी डॉ. अर्जुन पौल के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. डी. नियोगी तथा निदेशक प्लेसमेंट डॉ. सत्यव्रत सिंह सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।