विभिन्न हादसों में वृद्ध समेत छह लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से एक को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। घायल बाइक सवारों ने हेल्मेट नहीं पहना था।
अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरानपुर निवासी रहमत अली (69) पुत्र शमशेर अली शुक्रवार सुबह अकबरपुर-फैजाबाद मार्ग पर घर के निकट सड़क पार करते समय पिकअप की टक्कर से घायल हो गया।
उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। इसी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरादाबाद मोहल्ला निवासी सुधीर (26) पुत्र प्रेमकुमार शुक्रवार सुबह बाइक से शहजादपुर जाते समय फव्वारा तिराहा के निकट तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं, सम्मनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरतल गांव निवासी रोहित (17) पुत्र सतगुरू गुरुवार देर शाम बाइक से घर जाते समय गांव के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इनके अलावा बसखारी थाना क्षेत्र अंतर्गत अमिया गांव निवासी अशोक (45) पुत्र बाबूराम शुक्रवार सुबह बाइक से बसखारी जाते समय पिकअप की टक्कर से घायल हो गया। उसे पहले सीएचसी बसखारी फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उधर, आलापुर थाना क्षेत्र के गोवर्धनपुर निवासी दिनेश निषाद (20) पुत्र राजेंद्र शुक्रवार को बाइक से अपने जीजा पप्पू के साथ रामनगर जा रहा था। न्यौरी के पास अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई। इससे वह ट्रैक्टर-ट्रॅाली से जा टकराया। दोनों को चोटें आ गई। सरकारी एंबुलेंस से दोनों को रामनगर सीएचसी ले जाया गया जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दिनेश की हालत ज्यादा गंभीर है।