अंबेडकरनगर जिला अस्पताल में भर्ती तेज बुखार से पीड़ित मरीज।
- फोटो : अमर उजाला
तेज बुखार के बढ़ते प्रकोप की चपेट में आए मरीजों का जिला अस्पताल में भर्ती होने का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार को भी छह और मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हुए। इनमें से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। गौरतलब है कि जिले में अब तक तेज बुखार व डेंगू की चपेट में आने से 30 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।
शायद ही कोई ऐसा दिन गुजरता हो जब तेज बुखार के मरीज जिला अस्पताल में भर्ती न होते हों। सोमवार को भी छह नए मरीज भर्ती हुए। टांडा थाना क्षेत्र अंतर्गत अलीगंज निवासी मोहम्मद सैफ (17) पुत्र सिराज अहमद को रविवार को तेज बुखार चढ़ गया। परिवारीजनों ने उसे सीएचसी टांडा में भर्ती कराया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए सोमवार सुबह उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इसी थाना क्षेत्र के सिटकहां गांव निवासिनी कनीज फातिमा (35) पत्नी मोहम्मद सरवर व मोहम्मद सादिक (20) पुत्र मोहम्मद अनवर तेज बुखार से पीड़ित होकर सोमवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती हुए। दोनों को ही रविवार सुबह सीएचसी टांडा में भर्ती कराया गया था जहां से हालत की गंभीरता को देखते हुए सोमवार सुबह जिला अस्पताल भेज दिया गया।
उधर, आलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमोली गांव निवासिनी कलावती (30) पत्नी रामभोज को शनिवार देर शाम तेज बुखार चढ़ गया। उसे सीएचसी रामनगर से सोमवार सुबह जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, टांडा थाना क्षेत्र अंतर्गत अलीगंज निवासिनी नजीसा (40) पत्नी इकबाल को तेज बुखार चढ़ने पर सोमवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इनके अलावा जलालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जलालपुर बाजार निवासिनी इंद्रावती (40) पत्नी संजय को रविवार को तेज बुखार चढ़ गया। परिवारीजनों ने उसे सीएचसी जलालपुर में भर्ती कराया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए सोमवार सुबह उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।