अंबेडकरनगर। बेशकीमती जमीन कौड़ियों के दाम में हड़पने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सोमवार को गैंग के सरगना समेत छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में शनिवार को महिला की शिकायत पर एसपी के आदेश पर सभी पर मुकदमा दर्ज हुआ था।
पुलिस लाइन में सोमवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एएसपी विशाल पांडेय ने बताया कि अकबरपुर के इंद्रलोक कॉलोनी के राजेश सिंह उर्फ बबलू, गौहन्ना के प्रदीप कुमार, शास्त्री नगर गदायां के विनोद कुमार, पवन, मुरादाबाद निवासी मो. अनीश और रतनपुर निवासी योगेंद्र कुमार भोले भाले लोगोंं को अपने जाल में फंसाकर उनकी जमीन हड़प लेते थे।
अकबरपुर के राबीपुर बहाउद्दीनपुर निवासी सुनीता देवी ने तीन दिन पूर्व एसपी से करोड़ों की उनकी पुश्तैनी भूमि पर फर्जी एग्रीमेंट और बैनामा के माध्यम से कब्जा कर लेने की शिकायत की थी। सुनीता देवी के मुताबिक उसकी खाता संख्या 00574 अंतर्गत गाटा संख्या 735 मि. पर स्थित मकान संख्या 853 में वह अपने पति प्रदीप कुमार के साथ रहती हैं। जमीन 37 फीट चौड़ी और 80 फीट लंबी है, जिसकी कीमत दो करोड़ रुपये है।
महिला को 40 लाख रुपये का चेक देकर एक माह में पूरा भुगतान देने का झांसा दिया। इसके बाद आरोपी योगेंद्र कुमार विश्वकर्मा, प्रदीप कुमार गौड़, अमर बहादुर सिंह और मो. अनीश ने 31 अक्तूबर 2022 को उनके पति को बहला-फुसलाकर बिना भुगतान किए ही जमीन का इकरारनामा करा लिया था।
बीते 28 अप्रैल को विनोद कुमार, पवन कुमार गुप्ता, प्रदीप कुमार, संतोष कुमार और अन्य लोगों ने जबरन फर्जी बैनामा तैयार करवाकर जमीन अपने नाम करा ली थी। महिला ने आरोप लगाया था कि विपक्षीगण संगठित गिरोह की तरह काम कर रहे हैं। बैनामा की जानकारी होने पर दस्तावेजों को निरस्त कराने की कोशिश की, तो जान से मारने की धमकी दी। सोमवार की दोपहर आरोपियों को गौहन्ना हाईवे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। एएसपी ने बताया कि इनके खिलाफ जल्द ही गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। एएसपी ने बताया की इस गैंग में अन्य जो लोग भी शामिल हैं, विवेचना में उन सभी का नाम शामिल कर कार्रवाई की जाएगी।