महरुआ। परमेश हत्याकांड के फरार छह आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया। इस मामले में एक महिला को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
महरुआ थाना क्षेत्र के बरहा गांव में नवासे पर रह रहे परमेश को बीती 27 मार्च की देर शाम दुकान खोलने के विवाद में कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। वारदात को तब अंजाम दिया गया, जब परमेश ने रामबाबा बाजार में कपड़े की दुकान खोलने के उपलक्ष्य में अखंड रामायण पाठ के बाद भंडारा आयोजित किया था। भोज समापन की ओर था, तभी उस पर आरोपियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर घायल कर दिया। इस दौरान कई परिवारीजन भी घायल हो गए। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से ट्रॉमा रेफर कर दिया गया। इसके कुछ ही देर बाद परमेश की मौत हो गई। पुलिस ने परमेश के भाई अवधेश की तहरीर पर मामले में आरोपियों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया।
इससे आक्रोशित परिवारीजन व ग्रामीण शव लेकर महरुआ चौराहे पहुंचे और टांडा रायबरेली नेशनल हाईवे जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचीं एसडीएम व सीओ ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि इस दौरान अधिकारियों व ग्रामीणों के बीच नोकझोंक भी हुई। एएसपी संजय राय ने ग्रामीणों को समझा कर शांत कराया और आश्वासन दिया कि दर्ज मुकदमे की धाराओं में संशोधन किया जा रहा है।
इस बीच शुक्रवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध आनंदनगर चौराहे पर मौजूद हैं। इस पर पुलिस टीम आनंदनगर चौराहे पहुंची और छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी लखनऊ जाने की फिराक में वाहन का इंतजार कर रहे थे। आरोपियों की पहचान राहुल, रोहित, रमाकांत, रामबचन, चिंताराम व रामलाल के रूप में हुई। इस मामले में एक महिला को पहले ही जेल भेजा चुका है।