कबरपुर के शिव बाबा धाम में पूजन करने पहुंचे क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी का स्वागत करते लो
अंबेडकरनगर। भाजपा के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी का सोमवार को जिले में पहली बार आगमन पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बसखारी मार्ग स्थित सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पेट्रोल-डीजल की महंगाई संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि जब से भाजपा ने पश्चिम बंगाल में चुनाव में सफलता हासिल की है, तब से अखिलेश यादव परेशान हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव एसी कमरे में बैठकर सोशल मीडिया के जरिये विपक्ष चला रहे हैं। वे कभी सड़क पर आंदोलन करते नजर नहीं आए, जबकि भाजपा कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहकर काम कर रहे हैं।
इससे पहले यादव नगर में भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बड़ी मालाओं से स्वागत किया। कटेहरी में जिला उपाध्यक्ष डॉ. राना रणधीर सिंह, अन्नावा बाजार तथा पुरानी तहसील तिराहे पर भाजपा नेता विवेक मौर्य के नेतृत्व में भी उनका भव्य स्वागत हुआ।
विचारधारा को मजबूत करना प्रशिक्षण का उद्देश्य
नगर स्थित लोहिया सभागार में आयोजित भाजपा के जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया। अवधेश द्विवेदी ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में संगठनात्मक संस्कार, कार्यपद्धति और विचारधारा को मजबूत करना है।