अंबेडकरनगर। जिले में चल रहे विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान कर्तव्य में लापरवाही बरतने पर अकबरपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत लालापुर में तैनात सफाई कर्मी हरिनाथ को निलंबित कर दिया गया। डीपीआरओ सर्वेश कुमार पांडेय ने निर्वाचन कार्य में सहयोग न करने और बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर यह कार्रवाई की है।
निर्देशों के अनुसार 15, 18, 22 और 24 नवंबर को जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया था कि सफाई कर्मियों को भी गणना पत्रक वितरण, संकलन और फीडिंग कार्य में बीएलओ के साथ सहयोग करना होगा, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण समयबद्ध ढंग से पूरा हो सके। इसके बावजूद हरिनाथ एक भी दिन चुनाव संबंधी कार्य में शामिल नहीं हुए और न ही अपने कार्यक्षेत्र में उपस्थित रहे। बीडीओ की 27 नवंबर की रिपोर्ट के आधार पर डीपीआरओ ने हरिनाथ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया। जांच के लिए सहायक विकास अधिकारी पंचायत, जलालपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। निलंबन अवधि में हरिनाथ अकबरपुर विकासखंड से संबद्ध रहेंगे और बिना अनुमति मुख्यालय से बाहर नहीं जा सकेंगे। डीपीआरओ सर्वेश कुमार पांडेय ने कहा कि एसआईआर अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।